कीव/नई दिल्ली। यूक्रेन पर रूसी हमले का छठवां दिन है। यूक्रेन के हालात बिगड़ते ही जा रहे हैं। इस बीच एक ओर जहां लोग सुरक्षित ठिकाने ढूढ़ रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर महिलाएं अपने परिवार और देश की रक्षा के लिए हथियार उठा रहीं हैं। पूर्व मिस यूक्रेन अनास्तासिया लेना ने भी देश छोड़कर जाने के बजाय अपनों को बचाने की खातिर बंदूक थाम ली है। उन्होंने लिखा- ये मेरा देश है, इसके लिए जान भी देंगे।
पब्लिक रिलेशन मैनेजर की नौकरी छोड़कर जंग में कूदीं
पूर्व मिस यूक्रेन अनास्तासिया लेना ने पब्लिक रिलेशन मैनेजर की नौकरी छोड़कर देश की रक्षा के लिए बंदूक उठा ली है। रूसी सैनिकों से मोर्चा लेने की खातिर बंदूक उठाने वाली पूर्व मिस यूक्रेन ने अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है।
उन्होंने लिखा, ‘मैं सैनिक नहीं हूं, सिर्फ एक महिला और आम इंसान हूं। एक ऐसी इंसान जो अपने देश के लोगों से प्यार करती है। मैं एक एयरसॉफ्ट प्लेयर भी हूं, जो लोग इस बारे में नहीं जानते वे गूगल पर सर्च कर सकते हैं। मेरी प्रोफाइल की हर तस्वीर लोगों को प्रेरणा देने के लिए है।’
यह हमारा देश है, हमारी जमीन है…हम जीतेंगे
पूर्व मिस यूक्रेन ने आगे लिखा, ‘बुधवार तक मेरी जिंदगी भी दूसरे लाखों लोगों की तरह एकदम सामान्य थी। मैं कोई प्रोपेगैंडा नहीं चलाना चाहती हूं। सिर्फ यह बताना चाहती हूं कि यूक्रेन की महिलाएं बेहद मजबूत, आत्मविश्वास से भरी और ताकतवर हैं। यूक्रेन के लोगों के लिए दुनिया भर से जो सपोर्ट मिल रहा है, उसके लिए मैं आभार व्यक्त करती हूं। हम जीतेंगे। मैं कीव में जन्मी, पली-बढ़ी। यह मेरा शहर है, यूक्रेन मेरा देश है, यह हमारी जमीन है, इसके लिए जान भी दे देंगे।’
हमारी मदद करें, जंग को रोकें
पूर्व मिस यूक्रेन एक और पोस्ट में लिखा- ’24 फरवरी को रशियन फेडरेशन ने हमारी जमीन पर कदम रखा। आम लोगों के साथ-साथ महिलाओं और बच्चों को भी मारना शुरू कर दिया। यूक्रेन के लोगों के मन में कोई गिल्ट नहीं है क्योंकि यह हमारी जमीन है।
मैं दुनिया भर से अनुरोध करती हूं कि यूक्रेन और रूस की जंग को रोकें। किसी की भी जान न जाने दें। हम साथ मिलकर इसे रोक सकते हैं। यूक्रेन की स्थिति के बारे में जानकारी साझा करें और नाटो से एयरस्पेस बंद करने को कहें। यूक्रेन के लोगों की मदद करें और रूस को रोकें।’
देश की खातिर महिलाओं ने उठाए हथियार
रूस और यूक्रेन में जंग जारी है। रूसी हमले का यूक्रेन की सेना और वहां के नागरिक डट कर मुकाबला कर रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में हजारों की संख्या में महिलाएं सेना में शामिल हुईं हैं।
मिलिट्री डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, 2020 तक यूक्रेन की सेना में 31,000 महिला सैनिक थीं। इनकी हिस्सेदारी पूरी सेना में 15.6% थी, लेकिन मार्च 2021 तक ये हिस्सेदारी बढ़कर 22.5% हो गई। यानी यूक्रेन की सेना में लगभग हर चौथी सैनिक महिला है। यह हिस्सेदारी दुनिया के ज्यादातर देशों से अधिक है।