बीजापुर। Bijapur Naxal Blast: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रविवार को नक्सलियों के प्रेशर IED की चपेट में आने से छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का एक जवान घायल हो गया। भैरमगढ़ एसडीओपी तारेश साहू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल जवान को एयरलिफ्ट कर दंतेवाड़ा लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर रेफर किया गया। वहीं जवानों ने मौके से तीन IED बरामद किया है।
Bijapur Naxal Blast: जानकारी के अनुसार जिले के मिरतुर थाना क्षेत्र में स्थित डुमरीपालनार कैंप से छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवान रविवार को एरिया डामिनेशन के लिए निकले थे। डुमरीपालनार और तिमेनार के बीच जवान पुनीत नेताम का पैर नक्सलियों के लगाए गए IED पर पड़ गया, जिससे वह ब्लास्ट हो गया। घायल जवान नेताम के दाएं पैर में चोट आई है। घायल जवान कांकेर जिले का रहने वाला है।
Bijapur Naxal Blast: ब्लास्ट के बाद जवानों ने सर्चिंग के दौरान घटना स्थल से पांच-पांच किलो के तीन प्रेशर आइईडी बरामद किया है। सभी को बीडीएस टीम की मदद से निष्क्रिय किया गया। भैरमगढ़ एसडीओपी तारेश साहू ने बताया कि सुरक्षा बलों का नक्सल विरोधी अभियान निरंतर जारी है।